Events Details

Sadri Sammellan 2026

Date:21-06-2026
Time:10:00 AM

Post Event

Press Note

श्री सादड़ी (रणकपुर) जैन संघ, पुणे का 38वां स्नेह सम्मेलन संपन्न

पुणे, 21 जून 2026


श्री सादड़ी (रणकपुर) जैन संघ, पुणे द्वारा आयोजित 38वां वार्षिक स्नेह सम्मेलन आज वर्धमान सांस्कृतिक केंद्र, पुणे में अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र एवं श्रद्धांजलि से हुआ, जिसके पश्चात समाज के बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष श्री रमेशजी पोरवाल, उपाध्यक्ष श्री अशोकजी नाहर, सचिव श्री किशोरजी पुनमिया एवं कोषाध्यक्ष श्री अनिलजी रांका , संयुक्त सचिव श्री केतन मेहता , सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे और कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर समाज के गौरव एवं मुख्य अतिथि श्री रमेशजी फतेहचंदजी रांका तथा विशिष्ट अतिथि श्री प्रकाशजी धोका का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। दीप प्रज्वलन एवं प्रभु वंदना के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

संघ के सचिव श्री किशोरजी पुनमिया ने अपने सचिवीय प्रतिवेदन में वर्षभर की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से आक्रिया बाजार, सादड़ी स्पोर्ट्स कार्निवल तथा अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सफलता का उल्लेख किया।

उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष पुणे की टीम ने राजस्थान के हमारे मूल गांव सादड़ी में आयोजित खेल महोत्सव में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा उद्घाटन समारोह के लिए विशेष स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति का सफल आयोजन किया, जिसकी सभी ने सराहना की।

संघ के अध्यक्ष श्री रमेशजी पोरवाल ने अपने संबोधन में समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार एवं युवा सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्री रमेशजी रांका एवं विशिष्ट अतिथि श्री प्रकाशजी धोका ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए समाज के सर्वांगीण विकास हेतु मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।

सम्मेलन में समाज के विद्यार्थियों एवं प्रतिभावान सदस्यों का विशेष सम्मान किया गया। दसवीं एवं बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने वाले युवाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करने वाले समाजजनों को पदक एवं सम्मान प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान समाज के दानदाताओं, प्रायोजकों, कोहिनूर एवं प्लेटिनम डोनर्स का भी सम्मान किया गया। समाज के विकास एवं विभिन्न गतिविधियों में उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया और सामाजिक सौहार्द, पारिवारिक मिलन तथा सामुदायिक एकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री दिलीप जैन द्वारा किया गया तथा अंत में संयुक्त सचिव श्री केतन मेहता ने सभी अतिथियों, दानदाताओं, कार्यकारिणी सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।

स्नेह सम्मेलन का समापन सामूहिक भोज एवं आपसी मिलन के साथ हुआ।

दोपहर के भोजन उपरांत आयोजित "विविध गुणदर्शन" कार्यक्रम ने सम्मेलन में विशेष आकर्षण जोड़ा। समाज के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने संगीत, नृत्य, नाटक, वादन, योग एवं अन्य विविध कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं मंचीय कौशल ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम ने समाज की सांस्कृतिक समृद्धि और प्रतिभाओं की विविधता को सुंदर रूप से प्रदर्शित किया तथा सभी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए भरपूर सराहना की।

 

विविध गुण दर्शन 2026 ने रचा इतिहास – प्रतिभा, नवाचार और संस्कृति का अद्भुत संगम

 

श्री सादड़ी (रणकपुर) जैन संघ, पुणे द्वारा आयोजित 38वें स्नेह सम्मेलन के अंतर्गत प्रस्तुत विविध गुण दर्शन 2026 इस वर्ष अभूतपूर्व सफलता के साथ संपन्न हुआ। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम ने मनोरंजन, संस्कृति और सामाजिक संदेशों का अनूठा संगम प्रस्तुत किया, लेकिन इस वर्ष कई नए प्रयोगों ने इसे और भी विशेष एवं यादगार बना दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ एक भावपूर्ण स्वागत गीत से हुआ, जिसके बोल हर्षद बाफना द्वारा विशेष रूप से विविध गुण दर्शन 2026 के लिए लिखे गए थे। इस गीत ने पूरे सभागार में उत्साह और अपनत्व का वातावरण बना दिया तथा कार्यक्रम की शानदार शुरुआत की।

 

इसके पश्चात इस वर्ष पहली बार आयोजित एरिया-वाइज एंटरटेनमेंट प्रतियोगिता का आगाज़ हुआ, जिसमें सादड़ी सदन, मुकुंद नगर, गंगाधाम और PCMC क्षेत्रों ने अपनी-अपनी थीम आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से शानदार प्रतिस्पर्धा की। इस नई अवधारणा ने प्रतिभागियों में उत्साह और दर्शकों में रोमांच का संचार कर दिया।

 

कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियां "सादड़ी के स्टार्स" और "इन्क्रेडिबल इंडिया" विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। "सादड़ी के स्टार्स" प्रस्तुति में एक और ऐतिहासिक प्रयोग किया गया। इसमें उपयोग किया गया गीत पूर्णतः कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की सहायता से लिखा और संगीतबद्ध किया गया था। सादड़ी समाज के मंच पर पहली बार AI तकनीक का ऐसा रचनात्मक उपयोग देखने को मिला, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

 

प्रतियोगिता के अंतर्गत चार प्रमुख थीम प्रस्तुत की गईं— "प्रेमनगर के वासी", "वक्त का खेल", "चोर पुलिस" और "रील वर्सेस रियल"। प्रत्येक प्रस्तुति ने अपनी रचनात्मकता, अभिनय, नृत्य और संदेश के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

इस वर्ष के सबसे चर्चित और अभिनव आकर्षणों में ब्लाइंडफोल्ड एक्ट विशेष रहा, जिसने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। इसके साथ ही पहली बार आयोजित 50+ कपल्स रेट्रो डांस "सुन्हेरे पल" ने सभी को पुराने सुनहरे दौर की यादों में पहुंचा दिया। वरिष्ठ दंपत्तियों का उत्साह, ऊर्जा और समर्पण पूरे सभागार के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।

 

कार्यक्रम का मूल्यांकन सुप्रसिद्ध निर्णायकों श्री मोहनकुमार भंडारी एवं श्रीमती रेखा कंगतानी द्वारा किया गया। सभी प्रस्तुतियों का स्तर इतना उत्कृष्ट था कि विजेता का चयन करना निर्णायकों के लिए भी अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा।

 

कड़े मुकाबले के बाद मुकुंद नगर की प्रस्तुति "वक्त का खेल" ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। हॉरर थीम पर आधारित इस अनोखी प्रस्तुति को डांस सिटी के कुशल कोरियोग्राफरों द्वारा तैयार किया गया था। शानदार अभिनय, प्रभावशाली मंच सज्जा, संगीत और सटीक प्रस्तुति ने इसे प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बना दिया।


 

इसके पश्चात वरिष्ठ सदस्यों द्वारा प्रस्तुत "सुन्हेरे पल" रेट्रो डांस ने सभी का दिल जीत लिया। इस प्रस्तुति ने साबित कर दिया कि उत्साह, कला और मंच प्रेम की कोई उम्र नहीं होती।

 

कार्यक्रम का भव्य समापन "भारत का वीर पुत्र – महाराणा प्रताप" की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसमें सभी क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने एक साथ मंच साझा किया। विशेष रूप से अत्याधुनिक LED ग्राफिक्स, भव्य मंच सज्जा, प्रभावशाली संगीत और ऐतिहासिक दृश्यों ने दर्शकों को मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास से जोड़ दिया। महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और बलिदान को जीवंत करती यह प्रस्तुति पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनी और दर्शकों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का सम्मान किया।

 

विविध गुण दर्शन 2026 ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि सादड़ी समाज केवल अपनी परंपराओं को जीवित नहीं रखता, बल्कि नवाचार, तकनीक, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से उन्हें नई ऊंचाइयों तक भी पहुंचाता है। यह आयोजन आने वाले वर्षों के लिए एक नई मिसाल बनकर रहेगा।

 

संध्या सत्र में उपस्थित समाजबंधुओं के लिए "ट्रिपल धमाका" नामक विशेष मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध मेंटलिस्ट श्री प्रसाद कुलकर्णी, कॉमेडियन श्री निलेश पापट एवं हिप्नोटिस्ट श्री एस. के. नांदेकर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का भरपूर मनोरंजन किया। हास्य, रोमांच, आश्चर्य एवं अद्भुत मानसिक कौशल से भरपूर इस कार्यक्रम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे सभागार में उत्साह एवं आनंद का वातावरण बना दिया।

कार्यक्रम के उपरांत सामूहिक रात्रिभोज का आयोजन किया गया। पूरे दिन चले इस भव्य स्नेह सम्मेलन का समापन समाजबंधुओं के आपसी मिलन, स्नेह और भाईचारे के संदेश के साथ हुआ।